IPL 2022 Virat Kohli and MS Dhoni did not get this chance Hardik Pandya did it IPL 2022 : विराट कोहली और एमएस धोनी को नहीं मिला ये मौका, हार्दिक पांड्या ने कर दिया


Virat Kohli-MS Dhoni
Highlights
- आईपीएल 2022 की तैयारियों में जुटी हुई हैं सभी दस टीमें
- अब सभी दस टीमों ने कर दिया है अपने कप्तानों का ऐलान
- हार्दिक पांड्या गुजरात और केएल राहुल हैं लखनऊ के कप्तान
आईपीएल 2022 की तैयारी जारी है। टीमें अपनी अपनी रणनीति बनाने में जुटी हैं। देश और विदेश के खिलाड़ी अपनी अपनी टीमों से जुड़ रहे हैं। सभी दस टीमें तो पहले से ही तैयार थीं, लेकिन अब सभी टीमों के कप्तान भी तय हो गए हैं। आरसीबी वो टीम है, जिसने सबसे आखिर में अपने कप्तान का ऐलान किया। टीम ने सीएसके के पूर्व खिलाड़ी फैफ डुप्लेसी को अपना कप्तान बनाया है। इस बार दो नई टीमें आई हैं, उनके भी कप्तान का ऐलान काफी पहले ही हो गया था। इस बीच सबसे चौंकाने वाले कप्तान का नाम जो सामने आया, वो हार्दिक पांड्या का था। हार्दिक पांड्या इससे पहले मुंबई इंडियंस के लिए खेल रहे थे। लेकिन मुंबई इंडियंस ने हार्दिक पांड्या को रिलीज कर दिया था। हालांकि नीलामी में आए बगैर ही उन्हें गुजरात टाइटंस ने अपने साथ न केवल जोड़ा बल्कि कप्तान भी बना दिया।
हार्दिक पांड्या बने हैं गुजरात टाइटंस के पहले कप्तान
हार्दिक पांड्या पहली बार आईपीएल में कप्तानी करते हुए नजर आएंगे। खास बात ये है कि हार्दिक पांड्या गुजरात के ही रहने वाले हैं। अब हार्दिक पांड्या उन खिलाड़ियों की लिस्ट में शामिल हो गए हैं, जिन्होंने अपने होम टाउन की टीम की कप्तानी आईपीएल में की है। ये काम टीम इंडिया के पूर्व कप्तान एमएस धोनी और विराट कोहली नहीं कर पाए हैं। एमएस धोनी रांची झारखंड के रहने वाले हैं, उनके शहर या फिर प्रदेश की तो कोई टीम ही नहीं है। वहीं पूर्व कप्तान विराट कोहली को भी ये मौका नहीं मिला है। विराट कोहली का दिल्ली से रिश्ता रहा है, लेकिन विराट कोहली पहले आईपीएल से लेकर अब तक केवल आरसीबी के लिए ही खेलते आए हैं, हालांकि इस बार वे बिना कप्तानी के टीम के लिए बतौर खिलाड़ी ही खेलेंगे।
इन खिलाड़ियों ने की है अपने शहर की टीम की कप्तानी
जहां तक बात उन खिलाड़ियों की करें जिन्हें अपने प्रदेश या फिर शहर की टीम की कप्तानी करने का मौका मिला, उसमें सचिन तेंदुलकर सबसे पहले नंबर पर हैं। वे मुंबई के हैं और मुंबई इंडियंस के कप्तान भी रहे हैं। वीरेंद्र सहवाग भी दिल्ली डेयरडेविल्स के कप्तान रहे हैं, राहुल द्रविड़ बेंगलोर के हैं और वे आरसीबी के कप्तान रहे हैं। वीवीएस लक्ष्मण को अपनी टीम सनराइजर्स हैदराबाद की कप्तानी का मौका मिला है, वहीं युवराज सिंह पंजाब की टीम के कप्तान रहे हैं। सौरव गांगुली तो केकेआर यानी कोलकाता नाइटराइडर्स के पहले कप्तान रहे हैं। इसी तरह से अनिल कुंबले भी आरसीबी की कप्तानी कर चुके हैं। रोहित शर्मा मुंबई इंडियंस की कप्तानी करते हैं, वहीं गौतम गंभीर दिल्ली डेयरडेविल्स के कप्तान रहे हैं। इसी तरह से रिषभ पंत अब दिल्ली कैपिटल्स के कप्तान हैं और अब हार्दिक पांड्या गुजरात टाइटंस की कप्तानी करते हुए नजर आएंगे।
खिलाड़ी और उनकी टीम
सचिन तेंदुलकर : मुंबई इंडियंस
वीरेंद्र सहवाग : दिल्ली डेयरडेविल्स
राहुल द्रविड़ : आरसीबी
वीवीएस लक्ष्मण : सनराइजर्स हैदराबाद
युवराज सिंह : किंग्स इलेवन पंजाब
सौरव गांगुली : कोलकाता नाइट राइडर्स
अनिल कुंबले : आरसीबी
रोहित शर्मा : मुंबई इंडियंस
गौतम गंभीर : दिल्ली डेयरडेविल्स
रिषभ पंत : दिल्ली डेयरडेविल्स
हार्दिक पांड्या : गुजरात टाइटंस